Homeराज्यो से ,खास खबरे,
अनाज और फल-सब्जी नहीं बेच पा रहे किसान

कोरोना वायरस की यह कैसी मार है कि किसान अपना गेहूं, चना, फल और सब्जी मंडी में बेच नहीं सकता और शहर के लोग हैं कि फल-सब्जी खा नहीं पा रहे हैं। मुश्किल दोनों तरफ है, लेकिन फिलहाल सरकार के पास इसका कोई ठोस हल भी नहीं है। कोरोना संक्रमण का हॉट स्पॉट होने से इंदौर जिले में तो गेहूं की सरकारी खरीदी भी शुरू नहीं की गई है। अनाज, फल और सब्जी मंडी भी एक महीने से बंद है। इंदौर के आसपास के गांवों में तो किसानों के पास हजारों टन प्याज खेत और खलिहान में पड़ा है।

भारत सरकार की ओर से भेजे गए केंद्रीय दल के सामने मंगलवार को ऐसी तमाम समस्याएं रखी गईं। रेसीडेंसी कोठी पर दल ने कृषि और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से भी चर्चा की। स्थानीय अधिकारियों ने भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव अभिलक्ष्य लिखी, संचालक खाद्य सिमरजीत कौर आदि अधिकारियों के समक्ष किसानों की समस्याएं रखीं। केंद्रीय दल ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तैयारियों को लेकर पूछा तो अधिकारियों ने बताया कि जिले में 82 केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन फिलहाल यहां खरीदी शुरू नहीं की गई है। बैठक में कृषि संयुक्त संचालक आरएस सिसोदिया, उप संचालक कृषि वीके चौरसिया, संयुक्त संचालक उद्यानिकी डीके जाटव, उप संचालक टीके वास्केल, मंडी सचिव मानसिंह मुनिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। केंद्रीय दल के अधिकारियों ने इन समस्याओं की रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंपने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भारत सरकार ने किसान एप बनाया हुआ है। किसान इसके जरिए अपनी उपज ऑनलाइन भी बेच सकते हैं, लेकिन कफ्र्यू और लॉकडाउन के दौर में यह तरीका भी कारगर होता नजर नहीं आ रहा है।

सब्जी की फसल को कर रहे नष्ट : तिल्लौर खुर्द गांव के किसान कैलाश भंडारी बताते हैं, मेरा प्याज खेत पर ही खराब हो रहा है। मंडी खुलने पर ही इसे बेच पाऊंगा, लेकिन अब जरूरी कामों के लिए भी पैसा खत्म हो गया है। मजदूरों को कहां से पैसा दें। तरबूज बोए थे, आधे बेच पाया और अब बचे हुए मजदूरों को मुफ्त बांट रहा हूं। पिपल्दा गांव के किशन मंडलोई ने बताया कि मेरा एक हजार बोरी प्याज खेत पर पड़ा है। हाल ही में इसमें से कुछ बोरी प्याज चोरी चला गया। धनिया की फसल इंदौर के एक व्यापारी को बेची थी लेकिन लॉकडाउन के कारण वह लौटकर ही नहीं आया। आखिर इस फसल को बक्खर चलाकर नष्ट करना पड़ा। पिवड़ाय के कमल गोखले ने बताया कि सबसे ज्यादा नुकसान प्याज को हो रहा है। खेतों में खुला पड़ा है, जरा सी बारिश में दागी हो जाएगी।

Share This News :