Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कुशवाह ने कोरोना मरीजों से टेलीफोन के जरिए पूछे हाल-चाल

ग्वालियर। होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे मुरैना व श्योपुर जिले के कोरोना मरीजों से उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह ने शनिवार को टेलीफोन के जरिए बात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना मरीजों का बेहतर से बेहतर इलाज कराने के लिए कटिबद्ध है। होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को सरकार उनके घर पर ही दवाएँ मुहैया करा रही है। साथ ही वीडियो कॉलिंग व टेलीफोन के जरिए डॉक्टर्स से चिकित्सीय सलाह भी दिलाई जा रही है।

ज्ञात हो मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना मरीजों के बेहतर इलाज, वेक्सीनेशन एवं कोरोना रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की मॉनीटरिंग के लिए राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री भारत सिंह कुशवाह को मुरेना व श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री का दायित्व सौंपा है।

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री कुशवाह ने कोरोना मरीजों से चर्चा के दौरान कहा प्रदेश सरकार ने हर जिले में रेमेडेसिर इंजेक्शन व ऑक्सीजन सहित कोरोना के इलाज के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पर्याप्त दवाओं और बेड का इंतजाम कराया है। साथ ही होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे मरीजों का भी सरकार पूरा ध्यान रख रही है। 

कोरोना संक्रमित मरीजों का हाल-चाल जानने के साथ-साथ राज्य मंत्री श्री कुशवाह ने मुरैना व श्योपुर जिले के कलेक्टर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सक होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों के सतत संपर्क में रहें। साथ ही दवाएँ भी समय से पहुँच जाएँ। किसी मरीज का यदि ऑक्सीजन लेवल कम हो तो उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जाय। इस काम में जरा सी भी ढिलाई नहीं होना चाहिए।

Share This News :