Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने अशोकनगर, गुना, शिवपुरी और ग्वालियर जिले के बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुँचेंगे

ग्वालियर । केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 8 अगस्त को ग्वालियर संभाग के अशोकनगर, गुना, शिवपुरी व ग्वालियर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने जायेंगे। 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया प्रात: 9 बजे जयविलास पैलेस से हैलीकॉप्टर द्वारा अशोकनगर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिये रवाना होंगे। श्री सिंधिया प्रात: 10.30 बजे अशोकनगर में हैलीपैड पर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रात: 11 बजे गुना जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई जायजा लेंगे। श्री सिंधिया प्रात: 11.30 बजे गुना एयर स्ट्रिप पर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे हैलीकॉप्टर द्वारा शिवपुरी जिले के बाढ़ प्रभावित गांवों का जायजा लेने जायेंगे। 

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया दोपहर 12.45 बजे शिवपुरी शहर में पहुँचकर बाढ़ प्रभावित लोगों और जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा करेंगे। श्री सिंधिया दोपहर बाद 2.45 बजे हैलीकॉप्टर से मगरौनी पहुँचेंगे और वहाँ से सड़क मार्ग द्वारा ग्राम ख्यावदा, डोलागढ़, पनघटा नरवर व बीची इत्यादि बाढ़ प्रभावित गाँवों में पहुँचकर बाढ़ प्रभावित लोगों से भेंट करेंगे। 

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया सायंकाल 5 बजे ग्वालियर जिले की भितरवार तहसील के ग्राम पलायछा पहुँचेंगे और वहाँ पर बाढ़ प्रभावित लोगों से भेंट करेंगे। इसके बाद ग्राम सिला व भितरवार के बाढ़ प्रभावितों से मिलने पहुँचेंगे। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया इसी कड़ी में भितरवार विकासखण्ड के अंतर्गत काशीपुर – बेरखेड़ा – बीजकपुर – अजीतपुरा होते हुए डबरा विकासखण्ड के ग्राम इमली का डेरा पहुँचकर बाढ़ प्रभावित लोगों से भेंट करेंगे। श्री सिंधिया सायंकाल लगभग 6.45 बजे ग्राम पवाया पहुँचकर बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे। इसके बाद ग्राम बागवई होते हुए देर शाम लगभग 8.15 बजे जयविलास पैलेस ग्वालियर पहुँचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

Share This News :