Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मध्यप्रदेश के कैदियों की एक माह की सजा माफ, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जन्माष्टमी पर की घोषणा

भगवान श्रीकृष्ण का जन्म जेल में हुआ था और मध्यप्रदेश सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी पर प्रदेश की जेलों में बंद कैदियों को बड़ी राहत दी है। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने ग्वालियर जेल के एक कार्यक्रम में घोषणा की कि प्रदेश की जेलों में बंद कैदियों की एक माह की सजा माफ कर दी जाएगी। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जन्माष्टमी पर केंद्रीय जेल ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जेलों में बंद कैदियों की एक माह की सजा माफ की जाएगी। उन्होंने इस मौके पर ग्वालियर जेल में एंबुलेंस, डबल स्टोरी बिल्डिंग और कैंटीन की सुविधा शुरू करने की भी घोषणा की। मिश्रा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म जेल में हुआ था। उनके श्रीचरणों में मैंने नमन किया है। प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सजा की माफी में उत्तम आचरण होना और गंभीर अपराधों में संलिप्त नहीं होना, जैसी पात्रता एवं नियमों की शर्तें लागू रहेंगी।

Share This News :