सिंधिया और कैलाश के बीच क्या डील हुई? क्या विजयवर्गीय को गले लगाकर इंदौर जीतने का सपना देख रहे ''महाराज''
ग्वालियर : मध्यप्रदेश की राजनीति इन दिनों बेहद नाजुक मोड़ से गुजर रही है, अक्सर बाहरी तस्वीरों को देखकर ये अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, कि इनके पीछे की कहानी क्या है? ऐसी ही एक तस्वीर सामने आई इंदौर से, जिसने सूबे के सियासी जानकारों को सोचने पर मजबूर कर दिया, दरअसल इस बीच इंदौर पहुंचकर सिंधिया ने बेहद ही गर्मजोशी के साथ कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात की, तो खुलकर ये भी बोले, कि वो कैलाश के मार्गदर्शन में काम करने को तैयार है। बात यहीं तक नहीं रुकी, इसके बाद वायरल हुआ ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यन सिंधिया का वो वीडियो जिसमें वो कैलाश विजयविजर्गीय के पैर छूते नजर आए। जानकार कह रहे हैं, कि ये पहला ऐसा मौका था, जब सिंधिया खानदान के किसी सदस्य ने सार्वजनिक तौर पर किसी शख्स के पैर छुए हों। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं, कि आखिर कभी कट्टर प्रतिद्वंदी रहे विजयवर्गीय के सामने सिंधिया के इस बदले अंदाज में पहुंचने की वजह क्या है? कभी राजनीति में अकड़ और रुतबे का पर्याय रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया का विजयवर्गीय के सामने यूं झुकना किसी के गले नहीं उतर रहा। हालांकि अगर गौर करें, तो इसके पीछे सिंधिया की एक खास मंशा जरूर सामने आ रही है। जो इंदौर को लेकर उनकी महत्वाकांक्षा के साथ जुड़ी हुई है। दरअसल सूत्रों की मानें, तो सिंधिया इंदौर लोकसभा सीट से संसद पहुंचने के विचार में है। क्योंकि जाहिर सी बात है, कि ग्वालियर लोकसभा सीट पर नरेंद्र सिंह तोमर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, तो वहीं गुना जाकर सिंधिया खुद को करारी शिकस्त देने वाले मौजूदा सांसद केपी यादव का टिकट कटवाने की हिम्मत नहीं जुटा सकते और ज्योरादित्य सिंधिया इस बात को भी बखूबी जानते हैं, कि राज्यसभा के जरिए संसद में पहुंचकर वो कभी भी सर्व स्वीकार्य नेता नहीं बन सकते। ऐसे में उनका लोकसभा में पहुंचना बेहद ही जरूरी है और इसके लिए फिलहाल इंदौर सीट ही उन्हें सुरक्षित नजर आ रही है। यहां से वो भाजपा के टिकट पर आसानी से चुनाव भी जीत सकते हैं साथ ही इंदौर जैसी हाईप्रोफाइल सीट उनके रुतबे को और बढ़ाने का भी काम करेगी। दरअसल कांग्रेस में रहते ज्योतिरादित्य सिंधिया का प्रभाव ग्वालियर चंबल के साथ इंदौर, मालवा पर भी था, अक्सर यहां पर कांग्रेस की संगठन जमावट से लेकर टिकट वितरण तक सिंधिया की ही चलती थी। लेकिन भाजपा में आने के बाद सिंधिया का ये असर सिर्फ ग्वालियर-चंबल तक ही सिमट कर रह गया। इस बीच अपने कई शक्ति प्रदर्शन के जरिए पिछले ढाई सालों में सिंधिया ने इंदौर में पैर जमाने की कोशिश तो काफी की, लेकिन भाजपा की नेताओं की बड़ी लॉबी ने उन्हें सक्सेस नहीं होने दिया। ऐसे में अब वो ये बात समझ गए हैं, कि विजयवर्गीय का हाथ थामे बिना इंदौर में अपना दबदबा कायम करना उनके लिए किसी टेढ़ी खीर से कम नहीं है, और उनकी मौजूदा कोशिशों को हम उनकी इसी मंशा के साथ जोड़कर देख सकते हैं।