Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
इंदौर में पुलिस की पूछताछ के दौरान हुई मुजरिम की मौत , परिजनों ने जताया विरोध , 5 पुलिसकर्मी निलंबित

मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस कस्टडी में एक बदमाश की मौत की खबर सामने आई है। यह घटना इंदौर के मानपुर में की बताई जा रही है। वहीं मौत की खबर सुनने के बाद परिजनों ने इंदौर के एबी रोड जाम करने की कोशिश की। इस मामले में पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।दरअसल यह मामला महू तहसील के मानपुर थाना क्षेत्र का है। शुक्रवार की रात को पुलिस ने 19 वर्षीय बदमाश अर्जुन देवकरण सिंगारे को व्यापारी से लूट की साजिश के मामले में हिरासत में लिया था। और साथ ही कई अन्य लोगों को भी पुलिस ने उसके साथ पकड़ा था। हालांकि अर्जुन पर मानपुर, धामनोद सहित कई जगह केस दर्ज थे।

वहीं पूछताछ के दौरान अर्जुन की हालत बिगड़ गई। पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर लगते ही परिजनों ने थाने पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अर्जुन को बुरी तरह पीटा गया जिससे चलते उसको मौत हुई। फिलहाल अर्जुन के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया है।इस घटना को लेकर एसपी भगवत सिंह विरदे ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। और इस मामले को लेकर एसआई कमल उईके, एएसआई देवेश वर्मा, एएसआई निर्भय सिंह, आरक्षक गजराज और सोनवीर को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि न्यायिक जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

गुस्से में आकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। जिसके लिए पुलिस ने पांच थानों की टीम को तैनात किया। परिजनों ने एबी रोड जाम करने की कोशिश की और उनके साथ आदिवासी राजनीति से जुड़े लोग शामिल थे। उन्होंने मांग उठाई कि दोषियों पर कार्रवाई की जाए। और पीड़ित परिवार को मुआवजा और साथ ही सरकारी नौकरी भी दी जाए।  

Share This News :