हमारे तो गले लगते थे फिर भी छोड़ गए, उनका तो हाथ ही पकड़ रहे हैं- कैलाश विजयवर्गीय से सिंधिया की नजदीकी पर कांग्रेस का तंज
मध्य प्रदेश की राजनीति में अपनी पैठ जमाने में लगे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कांग्रेस ने तंज कसा है। कांग्रस कि तरफ से यह तंज बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय से सिंधिया की बढ़ रही नजदीकियों को लेकर किया गया है। प्रदेश के पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री और कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने कहा कि सिंधिया हमसे तो गले मिले थे, उनका तो बस हाथ पकड़ा है, जब हमें छोड़कर चले गए तो विजयवर्गीय किस खेत की मूली हैं।
इंदौर में कांग्रेस की एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जीतू पटवारी से सिंधिया और विजयवर्गीय के रिश्तों में हो रहे बदलाव को लेकर सवाल किया गया था। दरअसल, दोनों नेता पहले एक-दूसरे के कट्टर विरोधी थे, लेकिन इन दिनों दोनों कई मौकों पर दोनों साथ नजर आए हैं। सिंधिया एक कार्यक्रम के दौरान कैलाश विजयवर्गीय का हाथ पकड़कर मंच तक ले जाते नजर आए थे।