वर्चस्व की लड़ाई में क्या होगा नुकसान ?
ग्वालियर : ग्वालियर में दो केंद्रीय नेताओं के बीच जारी वर्चस्व की लड़ाई अब सतह पर दिखाई देने लगी है। श्रेय लेने की यह होड़ जब सार्वजनिक मंच पर उभर जाए तो समझा जाना चाहिए कि बात उतनी सामान्य नहीं है जितनी दिखायी जा रही है। यह संघर्ष केवल क्षेत्र में प्रभुत्व को लेकर ही नहीं है बल्कि आगामी चुनाव में सीट के चयन में प्रभुत्व को लेकर भी है।
ग्वालियर में अंदर-अंदर जारी संघर्ष के सतह पर आने का पहला नजारा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की यात्रा के दौरान दिखायी दिया। एलिवेटेड रोड की आधारशिला कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद विवेक शेजवलकर व संध्या राय तथा क्षेत्रीय मंत्री मौजूद थे। मगर ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास को मूल आधार देने वाले कार्यक्रम में अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह सहित कई प्रमुख नेताओं ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी।
क्षेत्र में विकास कार्यों का श्रेय केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के खाते में जाता देख सिंधिया समर्थक मंत्रियों ने आयोजन पर अपनी पकड़ बना ली। खबरें आईं कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम में सिंधिया समर्थक मंत्रियों का दबदबा होने के कारण पुराने बीजेपी नेता कार्यक्रम से दूर रहे। उर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने मंच पर नेताओं को दंडवत प्रणाम कर सुर्खियां बटोरी तो मंच के नीचे प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट के व्यवस्थागत निर्देश से स्थानीय नेता नाराज हो गए। बीजेपी शहर व ग्रामीण अध्यक्ष को मंत्री तुलसी सिलावट द्वारा दिए गए गेट पर मौजूद रहने के निर्देश रास नहीं आए।
इस आयोजन के दो दिन बाद ही पीएम मोदी केंद्रीय मंत्री तोमर के क्षेत्र कूनो आ गए तो केंद्रीय मंत्री सिंधिया सोशल मीडिया पर सिंधिया परिवार द्वारा वन्य जीव संरक्षण का इतिहास दोहराने लगे। उन्होंने दावा किया कि वन्य जीव संरक्षण के लिए 1905 में महाराजा माधोराव सिंधिया कूनो पालपुर के लिए 10 शेर लेकर आए थे। उन्होंने इसे जानवरों की अंतर महाद्वीपीय पुर्नस्थापन की पहली घटना बताया। यानी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चीते को दूसरे देश से लाने को पहला मामला प्रचारित किया जा रहा था तब सिंधिया के ट्वीट से संदेश गया कि चीतों का आना वन्य प्राणियों को लाने का दूसरा प्रयास है। पहला तो सिंधिया परिवार पहले ही कर चुका है।
मंत्री तोमर के क्षेत्र में पीएम मोदी आए तो मंत्री सिंधिया कैसे पीछे रह सकते हैं? वे इंटरनेशनल एयरपोर्ट के भूमिपूजन के लिए पीएम मोदी को लाने के जतन कर रहे हैं। देखने में यह श्रेय की लड़ाई लग सकती है मगर वास्तव में यह ग्वालियर क्षेत्र में वर्चस्व कायम रखने का संघर्ष है। जाहिर है कि यह वर्चस्व मिशन 2023 ही नहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में सीट वितरण को भी प्रभावित करेगा