Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
यूपी समेत 5 राज्यों में चुनाव तारीखों का आज होगा ऐलान

चुनाव आयोग बुधवार को यूपी, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। चुनाव तारीखों के साथ ही नामांकन दाखिल करने, हर राज्य की वोटिंग तारीख, चरण और काउंटिग के दिन का भी ऐलान किया जाएगा।

गोवा, मणिपुर और पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 18 मार्च को खत्म हो रहा है जबकि उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल 26 मार्च तक है। उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 27 मार्च को खत्म हो रहा है। बीते दिसंबर में, चुनाव आयोग ने राज्य सरकारों और शिक्षा बोर्ड्स को पत्र लिखकर कहा था कि वह आगामी मार्च महीने में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के कार्यक्रम को चुनाव आयोग के मश्विरे के बाद ही तय करें।

गोवा विधानसभा में 40 सीटें हैं। वहीं मणिपुर में 60, पंजाब में 117, उत्तराखंड में 70 सीटें हैं। चुनावी दृष्टि से सबसे अहम राज्य उत्तर प्रदेश है जहां विधानसभा में 403 सीटें हैं। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों के ऐलान के तुरंत बाद ही इन सभी राज्यों में चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी।

इन 5 राज्यों में से यूपी और पंजाब में महीनों पहले से चुनावी घमासान मचा हुआ है। यूपी में सत्ताधारी पार्टी सपा खुद ही कलह का शिकार है। सीएम अखिलेश और उनके पिता के बीच रस्साकशी का दौर चल रहा है। यहां टक्कर सपा और भाजपा के बीच देखी जा रही है। वहीं, पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में आने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है। पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन की दूसरी बार सत्ता में वापसी हुई थी और इस बार उसे कांग्रेस, आप से जबर्दस्त चुनौती मिल रही है।

Share This News :