Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
पंजाब और गोवा के लिए आज उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है बीजेपी

बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने पंजाब और गोवा के विधानसभा चुनावों के वास्ते पार्टी उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार रात बैठक की और गुरुवार को उनके नामों की घोषणा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत शीर्ष पार्टी नेताओं ने इस बैठक में हिस्सा लिया। इन दोनों राज्यों में चार फरवरी को एक ही चरण में चुनाव हैं।

बीजेपी पंजाब में 23 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और बाकी सीटों उसके वरिष्ठ सहयोगी शिरोमणि अकाली दल चुनाव लड़ेंगे। राज्य विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में बीजेपी अधिकतर सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कुछ सीटें कुछ सहयोगियों के लिए छोड़ी जा सकती हैं।

बैठक के बाद सूत्रों ने बताया कि कुछ सीटों के लिए और परामर्श की जरूरत थी जिससे इन दोनों राज्यों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा में देरी हुई। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए 15 जनवरी को बैठक कर सकती है। राजनीतिक रूप से अहम उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर में चार फरवरी और आठ मार्च के बीच विधानसभा चुनाव होंगे। इन सभी राज्यों में मतगणना 11 मार्च को होगी।

Share This News :