Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
कोई बेटा बाप को बाप ना माने तो... पाकिस्तान को लेकर क्या बोल गए पंडित धीरेंद्र शास्त्री VIDEO

मध्य प्रदेश के छतरपुर में स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर और बाबा बागेश्वर के नाम से प्रसिद्ध पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों इंग्लैंड में हैं, जहां उन्होंने हाल ही में लंदन के वेम्बली शहर में कथा का आयोजन किया। इस दौरान वहां उन्होंने पाकिस्तान को लेकर ऐसा कुछ कह दिया, कि जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री ने भारत को पाकिस्तान का बाप बताया और कहा कि कोई बेटा बाप को बाप ना माने तो इसमें बाप की क्या गलती, बेटा ही निकम्मा है। इसके अलावा इस आयोजन के दौरान ऑपरेशन सिंदूर चलाने के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की।

इस वायरल वीडियो में शास्त्री कह रहे हैं, 'रहीम ने कभी नाम नहीं बदला, रसखान के दोहे भी हम पढ़ते हैं, बहुत श्रद्धापूर्वक पढ़ते हैं। नाम महत्वपूर्ण नहीं है, काम महत्वपूर्ण है।' इसके बाद किसी पाकिस्तानी शख्स द्वारा भारत प्रेम को लेकर उनसे किए गए सवाल का जिक्र करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा 'उसने हमसे कहा कि हम पाकिस्तानी है, तो क्या पाकिस्तानी, भारत को प्रेम नहीं कर सकता, तब हमने कहा- भारत तो बाप है, और बेटा बाप को प्यार नहीं करेगा तो भला किसको करेगा यार। अब कोई बेटा, बाप को बाप ना माने तो इसमें बाप की गलती नहीं है, बेटा ही निकम्मा है। यह बात उस पाकिस्तानी शख्स को अच्छी लगी, लेकिन वहां मौजूद अन्य पाकिस्तानियों को मिर्ची लग गई।'

बाबा बागेश्वर ने कहा, ‘वो सब हमारे अपने हैं, हम तो वसुधैव कुटुम्बकम वाले हैं, सबको अपना मानते हैं। क्या लंदन, क्या पाकिस्तान, क्या बांग्लादेश, अभी हम ओमान जा रहे हैं, दुबई जा रहे। आओ तो वेलकम, ना आओ तो भीड़ कम। स्वागत है तुम्हारा, हमारी परंपरा तो सबको गले लगाने की है, लेकिन हां, हम विनम्र हैं, कायर नहीं हैं।’

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर क्या बोले शास्त्री

इसके अलावा पंडित शास्त्री का एक अन्य वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारतीय सेना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते नजर आ रहे हैं।

इस वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं, 'वर्तमान में भारत के प्रधानमंत्री ने जो किया बहुत बेहतर किया, ऑपरेशन सिंदूर के तहत घर में घुस करके मारा। आज हम लंदन के इस हॉल में बहुत गर्व के साथ बोल रहे हैं, हमारे भारत के प्रधानमंत्री और सेना ने घर में घुस करके, जो दुनिया के लिए नासूर है आतंकवाद, उनकी जगहों को नेस्तनाबूद किया। और इतना ही नहीं भारत के प्रधानमंत्री ने कितना बड़ा दिल दिखाया, हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने कहा, हम युद्ध को नहीं चुनते, हम तो बुद्ध को चुनते हैं। इसलिए हम युद्ध नहीं चाहते, शांति चाहते हैं और तुम्हारी तरफ से अगर एक कदम उठे, तो शांति के लिए हम दो कदम उठाएंगे। ये साधु का स्वभाव है, साधु कभी विवाद नहीं चाहता, साधु संवाद चाहता है।'

Share This News :