Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
दुष्कर्म कर बनाया अश्लील वीडियो, संपत्ति हड़पने के लिए ब्लैकमेल

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विधवा महिला ने अपने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि उसके दामाद ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर कई बार यौन शोषण किया। इसके साथ ही, आरोपी ने उसकी संपत्ति हड़पने के लिए प्रॉपर्टी के कागजात भी कब्जे में लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनके पति की मृत्यु 2013 में हो गई थी। इसके बाद, 2018 में उन्होंने अपनी इकलौती बेटी की शादी ककोड़ के एक युवक से की जो कि सेना में कार्यरत है। अप्रैल 2025 में, जब वह अपने दामाद के साथ कार से दिल्ली जा रही थीं, तब दामाद ने स्वास्थ्य खराब होने का बहाना बनाकर एक होटल में कमरा लिया। वहां उसने महिला को कोल्ड ड्रिंक दी, जिसमें नशीला पदार्थ मिला था, जिसके बाद वह बेहोश हो गईं।

महिला का आरोप है कि बेहोशी की हालत में दामाद ने उनके साथ दुष्कर्म किया और उनकी अश्लील वीडियो बना ली। होश में आने पर जब उन्होंने विरोध किया, तो दामाद ने वीडियो दिखाकर उन्हें चुप रहने की धमकी दी। डर के कारण महिला ने इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया।

आरोपी ने इस डर का फायदा उठाकर कई बार होटलों में बुलाकर उनके साथ दुष्कर्म किया और उनकी प्रॉपर्टी हड़पने के लिए कागजात भी कब्जे में ले लिए। बेटी का घर बचाने के लिए पीड़िता चुपचाप सब सहती रही और एक बार आत्महत्या की कोशिश भी की।

पीड़िता ने अपनी बेटी की मदद से हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने बताया कि महिला की बेटी और दामाद के बीच विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।

Share This News :