इस बड़ी रैली के दौरान भगदड़, 36 लोगों की मौत; कई बेहोश

तमिलनाडु के करूर में अभिनेता से नेता बने विजय की रैली में भगदड़ के चलते 36 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बच्चे भी हैं। इसके अलावा कई अन्य लोग बेहोश भी हुए हैं। टीवीके (तमिलगा वेट्ट्री कज़गम) प्रमुख और अभिनेता विजय ने नामक्कल में यह रैली आयोजित की थी। तमिलनाडु के करूर हॉस्पिटल में हालात बहुत ज्यादा खराब हैं। पीटीआई के मुताबिक मरने वालों में दो बच्चे भी हैं। बताया जाता है कि इस रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि वहां पर हालात बिगड़ने लगे। इस घटना के बाद, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का बयान आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए करूर अस्पताल से आई खबरों को चिंताजनक बताया।
ऐसे बिगड़े हालात
जब विजय सभा को संबोधित कर रहे थे, तब भीड़ बढ़ती गई और बेकाबू हो गई तथा पार्टी कार्यकर्ताओं और कुछ बच्चों समेत कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। कई कार्यकर्ताओं ने स्थिति को भांप लिया और शोर मचाया। विजय ने ध्यान दिया और अपना भाषण रोककर, खासतौर पर बनाई गई प्रचार बस के ऊपर से लोगों तक पानी की बोतलें पहुंचाने की कोशिश की।
एम्बुलेंस को भीड़-भाड़ वाली सड़क से होते हुए घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बेहोश हुए लोगों को एम्बुलेंस से पास के अस्पतालों में ले जाया गया और बताया जा रहा है कि उनमें से कुछ लोगों की हालत खराब है। विजय ने स्थिति को समझते हुए अपना भाषण निर्धारित समय से पहले ही समाप्त कर दिया।
सीएम स्टालिन ने जताई चिंता
इस बीच तमिलनाड के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा कि ‘करूर से मिली जानकारी चिंताजनक’है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम और जिलाधिकारी को हरसंभव सहायता प्रदान करने की सलाह दी। उन्होंने मंत्री अन्बिल महेश को भी सहायता प्रदान करने के लिए करूर जाने को कहा है।
घटना की सूचना पर मंत्री, शीर्ष प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी करूर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि उन्होंने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को करूर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश दिया है। स्टालिन ने करूर में आम जनता से चिकित्सकों और पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की।