वो मैगी बना रहे, मैं रोटी... मां से कॉल पर आखिरी बात, फिर हमेशा के लिए सो गई 24 साल की नवविवाहिता
मैहर: जिले में रविवार देर रात एक फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के पति का कहना है कि विवाद के बाद पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली, जबकि मायके वालों ने पति पर ही मैगी में जहर मिलाकर देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला के परिवार वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले 10 लाख रुपए दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।मरने से पहले महिला ने मां से की थी बात
मृत महिला की पहचान सचि मिश्रा (24) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सतना के सभापुर की रहने वाली थी। मैहर में एक फाइनेंस कंपनी में काम करती थी। उसकी शादी 2023 में रीवा के सिमरिया निवासी अतुल मिश्रा (27) से हुई थी, जो एक प्राइवेट बैंक में कर्मचारी है। दोनों मैहर के हरनामपुर रोड पर किराए के मकान में रहते थे। सचि के भाई रजनीश तिवारी ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले ही सचि ने फोन पर अपनी मां से बात की थी। उसने बताया था कि मैं रोटी बना रही हूं और वो (पति अतुल) मैगी बना रहे हैं।
भाई ने महिला के पति पर लगाया गंभीर आरोप
भाई का आरोप है कि इसी मैगी में जहर मिलाकर अतुल ने उसकी बहन को मार डाला। उसने कहा कि यह सोची-समझी साजिश है। रात 9 बजे घर में कीटनाशक कहां से आया? रजनीश ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अतुल और उसके घरवाले 10 लाख रुपए, प्लॉट और गाड़ी की मांग को लेकर सचि के साथ आए दिन मारपीट करते थे। उसे मायके वालों से बात भी नहीं करने देते थे।
पति ने बताया सचि ने खुद खाया जहर
आरोपी पति अतुल ने पुलिस को बताया कि रविवार रात किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर चला गया था। जब वह रात करीब 10 बजे लौटा, तो सचि ग्लास में कुछ घोलकर पी रही थी। उसे पिने के बाद वह बेहोश हो गई। जब उसे अस्पताल ले गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।