साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने ली समीक्षा बैठक, सड़क-पानी से लेकर टीएमजेड की तैयारियों पर हुई चर्चा
सीईओ अनीषा श्रीवास्तव ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश
ग्वालियर। बैजाताल स्थित साडा परिसर में मंगलवार को साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें सीईओ अनीशा श्रीवास्तव के साथ क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं और आगामी योजनाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। अध्यक्ष और सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा जनसमस्याओं के निराकरण पर जोर दिया।
बैठक में सड़क की मरम्मत, पाइपलाइन और पेयजल उपलब्धता, विद्युत कनेक्शन तथा टीएमजेड कार्यक्रम स्थल के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था पर चर्चा हुई। इसके अलावा क्वार्टर्स की मरम्मत जैसे विषय भी एजेंडे में शामिल रहे। बरा व सौजना प्रोजेक्ट, प्रचार-प्रसार मद तथा साडा से जुड़े कई मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इन कार्यों की प्रगति, आवश्यक प्रक्रियाओं और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जनसुनवाई भी हुई, जिसमें लोगों की समस्याओं और शिकायतों पर चर्चा कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा और सीईओ अनीशा श्रीवास्तव ने विकास कार्यों के साथ जनसुविधाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए आगामी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।