Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
गठबंधन पर बदले मुलायम के सुर, कहा- मेरा आशीर्वाद सभी को

लखनऊ। कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर नाराजगी जाहिर करने के तीसरे दिन सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने फिर यू टर्न लेते हुए कहा कि सभी को मेरा आशीर्वाद है, नौ फरवरी से प्रचार कर सकता हूं।

बजट सत्र में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे मुलायम सिंह यादव ने बुधवार को संसद भवन के बाहर मीडिया कर्मियों के सवालों पर यह बात कही। दो दिन पहले सख्त रुख के बाद बुधवार को मुलायम की नरमी से साफ है कि मतदान नजदीक आते ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुलायम सिंह के बीच की वैचारिक दूरी कम हो रही है।

प्रचार व अखिलेश को आशीर्वाद के सवाल पर कहा कि मेरा सब को आशीर्वाद है। उप्र चुनाव के लिए हुए सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर जब मुलायम से पूछा गया कि क्या गठबंधन को उनका आशीर्वाद मिलेगा तो उन्होंने दोहाराया हां बिलकुल, सब को आशीर्वाद है। नौ फरवरी से प्रचार पर निकल सकता हूं।

पिछले दिनों ही मुलायम ने कहा था कि वह गठबंधन के लिए प्रचार नहीं करेंगे। कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के लिए छोड़ी गई 105 सीटों पर नामांकन को भी कह दिया था। जबकि, मुख्यमंत्री ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि गठबंधन को जीत मिलने पर नेताजी का सम्मान और बढ़ जाएगा।

 

Share This News :