Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
यूपी-उत्तराखंड में मोदी लहर, पंजाब में कांग्रेस को बहुमत

उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड समेत पंजाब, गोवा और मणिपुर में हुए विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। मशीन से पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है। उत्तर प्रदेश से पहला रुझान आना शुरू हो गया है। बीजेपी यूपी में आगे चल रही है, वहीं पंजाब में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। उत्तराखंड से भी पहला रुझान आ गया है। गोवा और मणिपुर से भी रुझान आना शुरू हो गए हैं।

यूपी में 117 सीटों के रुझान में भाजपा सीटों पर आगे, 24 पर गठबंधन (सपा+कांग्रेस) आगे। वहीं बसपा 12 सीटों पर आगे है, जबकि अन्य चार सीट पर। पंजाब में 26 सीटों में कांग्रेस 17 सीटों पर आगे है। अकाली दल तीन और आप छह पर आगे है। उत्तराखंड में भाजपा तीन, कांग्रेस दो सीट पर आगे हैं।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जो कहते थे कि मेरा देश नहीं असल में देश के लोगों की सोच बदल रही है। चुनाव होंगे कोई जीतेगा कोई हारेगा लेकिन देश को आगे जाना है। लोकसभा चुनाव की तरह लोगों में इस चुनाव में भी उत्साह है।

बीजेपी नेता जगदंबिका पाल ने कहा, समाजवादी पार्टी और बसपा से अब लोगों का मोह भंग हो चुका है। केन्द्र की मोदी सरकार पर गरीबों को भरोसा है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने कोशिश की लेकिन वह विफल रहे। यूपी ही नहीं अन्य राज्यों में भी भाजपा की सरकार बनेगी।

वहीं उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा, हरीश और किशोर के बीच में कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल गलत साबित होंगे और कांग्रेस एक बार प्रदेश में दोबारा वापसी करेगी।

सपा नेता नावेद सिद्दीकी ने कहा, बिहार में भाजपा के पटाखे और गुलाब जामुन आ गए थे लेकिन बाद में वह धरे रह गए थे। यूपी में भी एग्जिट पोल ऐसे ही साबित होंगे।

शिवपाल यादव ने कहा, वोटिंग का इंतजार है। हमारी बड़ी जीत होनी तय है। बसपा के साथ जाने वाले अखिलेश के बयान पर बोले थोड़ा इंतजार करें।

वोटों की गिनती शुरू होने से पहले लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट की भाजपा प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी हजरतगंज के हनुमान मंदिर पहुंची और पूजा-अर्चना की। इसके अलावा बीजेपी नेता ब्रजेश पाठक, स्वाती सिंह भी नतीजे वाले दिन सुबह-सुबह मंदिर पहुंचे।

गुरुवार को आए एग्जिट पोल के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यूपी-उत्तराखंड के अलावा गोवा, मणिपुर में अपनी बढ़त को लेकर उत्साहित है। वहीं समाजवादी पार्टी (सपा)-कांग्रेस गठबंधन और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने इन्हें नकारते हुए कहा है कि नतीजे उनके पक्ष में आएंगे। हालांकि एग्जिट पोल में पंजाब में कांग्रेस की सत्ता में वापसी और अकाली दल-भाजपा गठबंधन की बड़ी हार के संकेत दिए हैं। पंजाब में कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी (आप) भी चौंकाने वाले नतीजे दे सकती है।

यूपी की बात करें तो चुनाव के दौरान भाजपा, सपा-कांग्रेस गठबंधन और बसपा में मुख्य मुकाबला रहा। प्रदेश के नतीजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और नवंबर में नोटबंदी के उनके फैसले का पैमाना मानकर भी देखा जा रहा है। वहीं नतीजों से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विकास के दावों की भी परख होगी। उत्तराखंड और मणिपुर में सत्तारूढ़ कांग्रेस के सामने भाजपा की वापसी को रोकने की चुनौती है।

 

राज्य के मुख्य निर्वाचन आयुक्त टी वेंकटेश ने शुक्रवार को कहा कि 72 जिलों में मतगणना केवल एक-एक केंद्र पर होगी, जबकि आजमगढ़, कुशीनगर और अमेठी में वोटिंग की गिनती के लिए दो-दो केंद्र होंगे। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में आयोग के प्रेक्षक तैनात रहेंगे और पूरी मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। मतगणना में सबसे पहले पोस्टल बैलट पेपर और फिर ईवीएम मशीनों के मतों की गणना शुरू होगी। सामान्य पर्यवेक्षकों के इतर हर मतगणना टेबल पर एक माइक्रो आब्जर्वर को भी तैनात किया जाएगा। मतगणना केंद्रों के आसपास त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

 

निर्वाचन आयोग की सतर्क निगाह

08 बजे से मतगणना, 9 बजे रुझान आना शुरू होंगे
मतगणना कक्ष में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी
केंद्रों के भीतर केंद्रीय बलों की तैनाती, पुलिस बाहरी सुरक्षा में
100 मीटर की परिधि में वाहनों को प्रवेश की इजाजत नहीं
ईवीएम को काउंटिंग हॉल ले जाने की सीसीटीवी से निगरानी
20 हजार पुलिस-जवान तैनात, इसमें 187 कंपनी अर्धसैनिक बल

पांच राज्यों का जनादेश

यूपी (403 सीट)
75 जिलों में 78 केंद्र मतों की गिनती के लिए

उत्तराखंड (70 सीट)
15 मतगणना केंद्र मतों की गिनती के लिए

पंजाब (117 सीट)
54 मतदान केंद्रों पर मतों की गिनती

गोवा (40 सीट)
02 केंद्रों पर चुनावों के मतों की गणना

मणिपुर (60 सीट)
02 चरण में हुआ था भारी मतदान राज्य में

क्या असर
परिणामों का तात्कालिक असर बजट सत्र के दूसरे चरण में दिखेगा
जुलाई में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव पर भी असर होगा

विपक्ष को ताकत देने वाले राज्यसभा का गणित भी बदल सकता है

Share This News :