Homeराज्यो से ,खास खबरे,
छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ के 11 जवान मारे गए

सुकमा. छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित सुकमा ज़िले में शनिवार सुबह माओवादियों के साथ मुठभेड़ में सीआरपीएफ के 11 जवान मारे गए हैं. इसके अलावा कम से कम पांच जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं. बस्तर के प्रभारी आईजी सुंदरराज पी के अनुसार, " सीआरपीएफ की 219वीं बटालियन के जवान रोड खुलवाने के लिए भेज्जी थाना इलाके में निकले हुए थे. यहीं कोत्ताचेरु के पास पहले से घात लगाए माओवादियों ने उन पर हमला बोला." पुलिस का कहना है कि माओवादी उस इलाके में पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे और उन्होंने पहले सड़क पर विस्फोट करने के बाद चौतरफा हमला किया. इस कारण जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला.

भेज्जी इलाके में नक्सलियों द्वारा किए गए धमाके में 11 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए. घटना में 3 जवान गंभीर रूप से घायल हैं. जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ 219 बटालियन के करीब 100 जवान रोड ओपनिंग के लिए निकले थे. इस दौरान इंजरम और भेज्जी के बीच कोत्ताचेरू में नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट किया और गोलियां बरसाना शुरू कर दी.

हमले में 11 जवान शहीद हो गए और तीन गंभीर रूप से घायल हैं. घायल जवानों को इलाज के लिए हेलिकॉप्टर द्वारा रायपुर भेजा जा रहा है. हमले के दौरान जवानों द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दो नक्सलियों के मारे जाने की बात सामने आ रही है. घटना के बाद नक्स‍ली सीआरपीएफ जवानों के 10 हथियार भी लेकर भाग गए.

सीएम डॉ रमन सिंह ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि नक्सलियों के पैर उखड़ रहे हैं, इसलिए उन्होंने यह कायराना करतूत की. मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल इलाके में सर्चिंग चल रही है. हमारे जवान नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है. 2017 में नक्सलियों द्वारा किया गया यह सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है.

घटना के बाद स्पेशल डीजी नक्सल ऑपरेशन डीएम अवस्थी ने आपात बैठक बुलाई है. जिसमें एआईजी, एसआईबी और सीआरपीएफ के अधिकारी भी शामिल हो रहे है.

Share This News :