Homeराज्यो से ,खास खबरे,
बिना मोबाइल नेटवर्क के कैशलेस हुआ गांव, कलेक्टर को मिला अवार्ड

दंतेवाड़ा/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिला दंतेवाड़ा के एक गांव पालनार को कैशलेस बनाने की दिशा में की गई सफलतम पहल पर दंतेवाड़ा कलेक्टर सौरभ कुमार को लोक प्रशासन के क्षेत्र में प्रधानमंत्री के उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिविल सर्विसेस दिवस के मौके पर शुक्रवार को यहां आयोजित एक समारोह में सौरभ को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह भी उपस्थित थे।

कलेक्टर का कहना है कि जिस गांव को कैशलेस बनाया गया है वहां मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलता। लेकिन बीएसएनएल की सहायता से गांव में वाई-फाई स्पाट लगाकर इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे कैशलेस ट्रांजेक्शन शुरू हुआ। गांव में मोबाइल से बात नहीं हो पाती लेकिन इंटरनेट कॉल आसानी से किया जा सकता है।

नोटबंदी के दौरान सौरभ कुमार ने दंतेवाड़ा को कैशलेस बनाने की वृहद रणनीति तैयार की। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों, संस्थाओं, समाज सुधारकों आदि की 11 जागरूकता टीम तैयार की जो कि लगातार जगह-जगह गांव, कस्बों, दुकानों, व्यवसायियों आदि को कैशलेस लेन-देन की दिशा में जागरूक करने का कार्य करती रही।

केवल 3 सप्ताह के भीतर ही जिलों में 5 हजार लोग डिजिटल आर्मी के सदस्य बने और लगभग 12 हजार 800 लोगों को डिजिटल लेन-देन के लिए प्रशिक्षित किया गया। दुकानदारों को प्रोत्साहित किया गया कि वे किस प्रकार ऐप को डाउनलोड कर उसका उपयोग करें। दंतेवाड़ा जिले में जिला प्रशासन द्वारा जगह-जगह फ्री वाई- फाई इंटरनेट की व्यवस्था सुलभ कराई गई।

इन प्रयासों के चलते जिले के कुआकोड़ा विकास खंड के अंदरूनी गांव पालनार को प्रदेश का पहला कैशलेस ट्रांजैक्शन वाला जिला होने का गौरव हासिल हुआ। यहां पूरा शापिंग कॉम्प्लेक्स वाई फाई है। इसके लिए प्रशासन ने इजीटॉप पीओएस मशीनें उपलब्ध कराई।

पूरे शापिंग कॉम्प्लेक्स में चाहे दूध की दुकान हो, किराना हो या पंक्चर की दुकान हो। सभी दुकानदार यहां ई-पेमेंट की सुविधा प्रदान करते हैं। धीरे-धीरे दंतेवाड़ा और किरंदुल में लगभग 90 प्रतिशत व्यापारियों ने कैशलेस पेमेंट को अपना लिया। अब जिला प्रशासन जिले में मनरेगा के अंतर्गत समस्त भुगतान, पेंशन भुगतान व ग्राम पंचायत स्तर पर समस्त खरीदी को डिजीधन के अंतर्गत प्रक्रिया में लेने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। पालनार में कोई बैंक नहीं है।

Share This News :