Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
दिल्ली के तुगलकाबाद में कंटेनर से गैस लीक के बाद 110 बच्चे अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार को एक बड़ी घटना हो गई। राजधानी के तुगलकाबाद स्थित एक स्कूल के पास एक कंटेनर से गैस रिसाव के चलते पास ही स्थित स्कूल के 110 से ज्यादा बच्चे इसकी चपेट में आ गए। इसके बात आनन-फानन में बच्चों के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। घटनास्थल पर दमकल और बचावकर्मी पहुंच गए हैं।

घटना के बाद रानी झांसी स्कूल की वाइस प्रिंसिपल ने बताया कि बच्चों को आंखों में जलन और घबराहट की शिकाकयत के बाद अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है और सभी की हालत खतरे से बाहर है।

उधर, इस मामले में दिल्‍ली सरकार के उपमुख्‍यमंत्री मनीष सीसोदिया ने कहा कि गैस रिसाव की वजह से 110 छात्राओं ने आंखों में जलन की शिकायत की थी। उन्हें पास के 3 बड़े अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है । मेरी छात्राओं और डॉक्टर्स से बात हुई है, सबकी हालात सामान्य है । कंटेनर डिपो से गैस लीक होने के मामले की जांच के लिए डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट को कहा है।

वहीं, गैस लीक की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस और एंबुलेंस की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई हैं। इलाके में राहत बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि लीक होने के बाद गैस तेजी से फैल गई और इसकी चपेट में कई छात्र आ गए।

तुगलकाबाद में रानी झांसी स्कूल के पास कंटेनर से यह गैस का रिसाव हुआ। स्कूल की एक शिक्षिका ने बताया कि सुबह जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो उन्होंने आंखों में जलन और दम घुटने की शिकायत की।

इसके बाद करीब 50 से 60 बच्चों को तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। शिक्षिका ने बताया कि कई बच्चे बेहोश हो गए थे। वहीं, स्कूल के गार्ड का कहना है कि सुबह पांच बजे से ही गैस का रिसाव हो रहा था।

Share This News :