Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
मंत्री सत्येंद्र जैन ने केजरीवाल को 2 करोड़ कैश दिए, मैंने आंखों से देखा: कपिल

नई दिल्ली.केजरीवाल सरकार के पूर्व जलमंत्री कपिल मिश्रा ने पार्टी में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "मंत्री सत्येंद्र जैन ने अरविंद केजरीवाल को परसों (5 मई) 2 करोड़ रुपए कैश दिए। मैंने अपनी आंखों से देखा। उस वक्त मैं उनके घर पर ही मौजूद था।" रविवार को राजघाट पर उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और एलजी अनिल बैजल से भी मुलाकात की। एलजी से मिलने के बाद ट्वीट किया, "चुप रहना असंभव था। एलजी को सब बता दिया। मैंने उन्हें गलत तरीके से पैसे लेते देखा।" कपिल के आरोपों के बाद डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया सामने आए। कहा- "जिस तरह से उन्होंने बेबुनियाद आरोप लगाए, वो तो जवाब देने के लायक भी नहीं हैं। कोई इन पर विश्वास नहीं करेगा।" बता दें शनिवार को केजरीवाल ने कपिल को जलमंत्री के पद से हटा दिया था। वाटर टैंकर घोटाले की रिपोर्ट तैयार की थी...
- कपिल ने कहा, "मैं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर आया, यहां ऊर्जा मिलती है। आम आदमी पार्टी हमारी, कार्यकर्ताओं की पार्टी है। हमने संघर्ष किया है तब यह पार्टी बनी। इसके लिए लाठी-डंडे खाए हैं। कभी इसे छोड़कर नहीं जाएंगे। कुछ गंदगी आ गई है उसे बाहर करना है। न मुझे कोई बाहर निकाल सकता है और न मैं इसे छोड़ूंगा।"
- "मंत्री बनने के बाद मैंने एक महीने के भीतर शीला दीक्षित के खिलाफ 400 करोड़ के वाटर टैंकर घोटाले की रिपोर्ट तैयार की। उसके बाद क्या हुआ ये सबने देखा। ऐसा नहीं है कि मैं मंत्री पद से हटने के बाद बोल रहा हूं। बोलने के बाद मुझे हटाया गया।"
- ''कैबिनेट का अकेला मंत्री हूं, जिस पर करप्शन का कोई आरोप नहीं लगा। कल जब तक मैंने एंटी करप्शन ब्यूरो को लेटर नहीं लिखा। तब तक पानी की परेशानी की बात क्यों सामने नहीं आई थी?''
- "मैं एलजी से मिला। मैंने संविधान की शपथ ली है, तो ये जिम्मेदारी बनती है कि जो मैंने आंखों से देखा, उसे उन्हें बताऊं। हम गड़बड़ी के मामलों की शिकायतों के लिए केजरीवाल पर भरोसा करते थे। चाहे वो रिश्तेदारों को पद देना, मनी लॉन्ड्रिंग या फंड में गड़बड़ी के आरोप हों।
जैन ने केजरी के रिश्तेदार की लैंड डील कराई
- कपिल ने आगे कहा, ''भरोसा था कि केजरीवाल के रहते पार्टी में कोई बेईमान नहीं हो सकता। जब उनकी नजर में आएगा तो वो सब ठीक कर देंगे। यही उम्मीद हमें दो साल से प्रेरित करती थी।''
- ''लेकिन शुक्रवार को मैंने सत्येंद्र जैन को 2 करोड़ रुपए कैश केजरीवाल को देते उनके घर पर देखा। मैंने पूछा- इतना पैसा कहां से आया, ये कैश में क्यों है? इसके सारे कागज सामने रखें, अगर कोई गलती हुई है तो माफी मांगे।''
- ''मैंने उनसे कहा- मुझे एसीबी को यह बात बतानी होगी, क्योंकि मैं संवैधानिक पद पर हूं, इसके बाद वहां से चला गया। इस पर जैन ने कहा- राजनीति में कुछ बातें बाद में बताई जाती हैं। जैन ने बताया कि सीएम के रिश्तेदार की 50 करोड़ की लैंड डील करवाई है।''
सत्येंद्र जैन 10-15 दिन में जेल जाएंगे: कपिल
- "मनी लॉन्ड्रिंग और ब्लैकमनी के बारे में जैन के क्या लिंक हैं? ये सबको पता है। अपनी आंखों से कैश लेनदेन देखने के बाद मेरा चुप रहना मुमकिन नहीं था। भले ही पद और प्राण चले जाएं। नौकरी छोड़कर पार्टी में आया था। आंदोनल के लिए हमेशा साथ खड़ा रहा।"
- "मैं एलजी को ऑन रिकॉर्ड बयान देकर आया हूं और अब एसीबी, सीबीआई सबको बताऊंगा। सत्येंद्र जैन के बारे में पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। आखिर केजरीवाल उन्हें बार-बार क्यों बचाते रहे हैं? हमारी पार्टी और सरकार में कुछ भ्रष्टाचारी आ गए हैं, उन्हें उखाड़ फेंकना है।"
- ''जिस दिन सत्येंद्र जैन जेल जाएंगे। उसके बाद पूरा सच सामने आ जाएगा। बस 10-15 दिन की बात है। केजरीवाल मीडिया के सामने आने से क्यों बच रहे हैं? कल तक सिसोदिया और केजरीवाल कह रहे थे कि ईवीएम के कारण एमसीडी चुनाव हारे तो अब अचानक पानी का मुद्दा कहां से आ गया।"
- "जो भ्रष्टाचार करता है तो उसे बाहर करेंगे। कानून अपना काम करेगा। खुलासा करना से पहले मैंने किसी नेता से बात नहीं की। टैंकर घोटाले की जांच को लेकर ACB को लेटर लिखने के बाद मुझे हटाया गया।''
क्या बोले सिसोदिया?
- मनीष सिसोदिया, ''मैंने कल कपिल को मंत्रिमंडल में फेरबदल की बात बताई थी। केजरीवाल से कहा था कि सभी विधानसभाओं में पानी को लेकर लोग परेशान हैं। विधायक लोगों की गालियां खा रहे हैं। कपिल के आरोपों का कोई सिर-पैर नहीं है। बहुत ऊलजलूल आरोप लगाए हैं। इन पर कोई विश्वास नहीं करेगा।''
कांग्रेस ने क्या कहा?
- शकील अहमद ने कहा, ''ये शक तो पहले से ही जाहिर था। जैन और केजरीवाल की निकटता पर सवाल पहले ही उठ रहे थे। उनके पूर्व मंत्री ने ही आरोप लगाए हैं तो इसकी जांच होनी चाहिए। सीएम को अब इस्तीफा दे देना चाहिए। टैंकर घोटाले की जांच केजरीवाल ने क्यों दबाई? पहले ये बताएं। कपिल ने शीला दीक्षित का नाम सिर्फ इसलिए लिया है कि वो ये बता सकें कि हम सिर्फ अपनी ही पार्टी नहीं, दूसरों के भी मामले उठाते हैं।''
- प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा ने कहा, ''आज केजरीवाल पर सीधे सवाल उठ रहे हैं, तो यह बहुत जरूरी है कि इसकी निष्पक्ष जांच हो। जो पार्टी भ्रष्टाचार मिटाने का वादा कर सत्ता में आई, वही इसमें घिर गई है। केजरीवाल को जवाब देना होगा।''
- अजय माकन ने कहा, "ये बहुत सीरियस आरोप है, इसे खारिज नहीं किया जा सकता। हमने तय किया है कि कल से हम सिग्नेचर कैंपेन शुरू करेंगे, दस लाख सिग्नेचर इक्ट्ठा करेंगे जिसे हम केजरीवाल को देंगे और इस्तीफे की मांग करेंगे।"
बीजेपी ने क्या कहा?
- दिल्ली बीजेपी प्रेसिडेंट मनोज तिवारी ने कहा, ''भ्रष्टाचार के आरोप गंभीर हैं। केजरीवाल को इस्तीफा देना चाहिए। उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जानी चाहिए।''
- सांसद महेश गिरी ने कहा, ''केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का अधिकार खो चुके है। पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।''
राजघाट में आरोप लगाने के बाद कपिल ने किए ट्वीट
- "परसों देखा और कल सुबह खुल कर आवाज उठाई। एक दिन का भी इंतज़ार असंभव था। जिस दिन सत्येंद्र जैन जेल जाएंगे, मेरी एक एक बात सच साबित हो जाएगी। चंद दिनों का इंतजार सांच को आंच नहीं।"
ये बीजेपी की साजिश: जेडीयू
- जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा, ''बीजेपी के साथ साठगांठ करके कुछ लोग केजरीवाल को बदनाम करना चाहते हैं। इस सरकार को भी बर्खास्त करना चाहते हैं। लेकिन आरोप उनके सहयोगियों ने लगाए हैं तो केजरीवाल का नैतिक कर्तव्य बनता है कि वह इस मामले पर पूरी सफाई दें। क्या देश में अकेली यही भ्रष्ट सरकार है?"
- "केजरीवाल को पहले दिन से ही काम नहीं करने दिया। क्या केजरीवाल भ्रष्ट हैं? अगर ऐसा है तो देश में ईमानदार लोग ढूंढने पड़ेंगे। हमने अन्ना हजारे के साथ बैठकर भ्रष्टाचार मिटाने की कसमें खाई थीं।''

Share This News :