Homeराज्यो से ,खास खबरे,
नक्सलियों ने उड़ाया ट्रैक, दून एक्सप्रेस बाल-बाल बची

चंदौली। धनबाद रेल मंडल के चिचाकी व कर्माबांध स्टेशन के बीच नक्सलियों ने रविवार रात करीब एक बजे बम विस्फोट कर एक रेल ट्रैक उड़ा दिया। इस दौरान दून एक्सप्रेस बाल-बाल बच गई।

ट्रैक उड़ते ही धनबाद मंडल के अलावा मुगलसराय मंडल में भी अफरातफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों की सूचना पर रात दो बजे से मुगलसराय-गया रूट पर रेल परिचालन रोक दिया गया।

इस रूट से गुजरने वाली लगभग एक दर्जन ट्रेनों को मुगलसराय के अलावा भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी आनसोन पर रोक दिया गया।

सोमवार की सुबह सात बजे ट्रैक सही किया गया तब जाकर 7.55 बजे ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ। इस घटना के बाद धनबाद व मुगलसराय मंडल में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

मौके पर धनबाद डीआरएम, आरपीएफ कमांडेंट दल बल के साथ पहुंचे। जांच के दौरान अधिकारियों को यहां नक्सलियों द्वारा अपनी मांगों से संबंधित पोस्टर लगे मिले। नक्सलियों ने 23 से 29 मई तक धनबाद, झारखंड और मुगलसराय मंडल के नक्सल क्षेत्र में बंद की घोषणा की थी।

इसे देखते हुए तीनों मंडलों में अलर्ट घोषित किया गया। सुरक्षा एजेंसियों की सूचना पर उक्त मंडल के नक्सल क्षेत्रों में पायलट इंजन से ट्रेनें गुजारी जा रही थीं।

वहीं स्टेशन व आसपास सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी लेकिन विरोध सप्ताह के समाप्त होने से पूर्व ही नक्सलियों ने धनबाद मंडल के चिचाकी व कर्माबांध स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक को बम से उड़ा दिया।

नक्सलियों की एक के बाद एक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए स्थानीय मंडल में हाई अलर्ट घोषित है। नक्सल प्रभावित उन इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जहां से होकर रेल लाइन गुजरती है मसलन स्थानीय मंडल के नक्सल प्रभावित आरा, सासाराम, गया, मानपुर, बरवाडीह सेक्शन, जपला, गढ़वा रोड पर विशेष नजर है।

रेलवे लाइनों पर सुरक्षा एजेंसियां पेट्रोलिग कर रेलवे ट्रैकों की निगहबानी कर रही हैं। बता दें कि 24 मई को पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल अंतर्गत दूमरी बिहार और दनिया रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर 37 बम मिले थे।

इसके पहले बीते दिनों में नक्सलियों ने रात में दूमरी स्टेशन को आग के हवाले कर दिया था। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद के मुताबिक धनबाद मंडल की घटना को देखते हुए मुगलसराय मंडल में भी बेहद कड़ी सुरक्षा बरती जा रही है।

हालांकि नक्सलियों का बंद 29 मई तक ही था फिर भी सुरक्षा एजेंसियां अपने स्तर से जांच आदि का काम आगे भी करती रहेंगी।

Share This News :