Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
सपा सरकार ने कब्रिस्तान की चारदीवारी बनाने में खर्च किए 1200Cr, योगी कराएंगे जांच

लखनऊ.योगी सरकार अब अखि‍लेश सरकार की कब्रिस्तान चारदीवारी योजना की जांच कराने जा रही है। यह योजना पूर्व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आजम खान ने चलाई थी। 5 साल में योजना में 1200 करोड़ रुपए खर्च किए थे। योगी ने इस योजना की जांच के लिए तीन मेंबर्स की कमेटी भी गठित कर दी है। घोटाले की आशंका के तहत जांच के आदेश...

- योगी सरकार ने कब्रिस्तान चारदीवारी योजना में घोटाले की आशंका के चलते जांच के आदेश दिए हैं। 3 मेंबर की अध्यक्षता सिविल एविएशन डिपार्टमेंट के स्पेशल सेक्रेटरी सूर्य पाल गंगवार करेंगे। जांच समिति में पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर योगेंद्र कुमार गुप्ता और हाउसिंग काउंसिल के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर सुनील चौधरी को सदस्य बनाया गया है।
योजना पर खर्च हुए 1200 करोड़
- इस योजना में प्रदेश भर के जिलों के कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल बनाई गई थी। सपा सरकार के 5 साल के दौरान करीब 1200 करोड़ रुपए खर्च हुए थे।
- पहले चार साल में 200-200 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। जबकि अंतिम साल में 400 करोड़ रुपए का बजट पास हुआ था।
इन बिंदुओं पर होगी जांच
1-कब्रिस्तान की चारदीवारी विवादित भूमि पर तो नहीं बनाई गई।
2-चारदीवारी को किन दरों पर बनाया गया। बाजार भाव और बाउंड्री बनाने के रेट में क्या अंतर है?
3-बाउंड्री की क्वालिटी कैसी है?
4-प्रदेश सरकार से जिलों को जितना पैसा सेंक्शन हुआ, उसके मुकाबले कितना काम हुआ।
5-ज्यादातर काम एक ही एजेंसी से कराए गए। इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी तो नहीं है।
पहले भी की गई शिकायत लेकिन नहीं हुई जांच
- योजना में घपलों को लेकर कई बार शिकायतें भी की गई थीं, लेकिन अखिलेश सरकार में कभी इसकी जांच नहीं कराई गई।
- कब्रिस्तानों की चारदीवारी की गुणवत्ता जांचने के लिए डीएम, एसडीएम व तहसीलदारों की जिम्मेदारी तय की गई थी। इसके बाद भी अफसरों ने कभी जांच करने की हिम्मत नहीं जुटाई।
- सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी सरकार को इस योजना में सरकारी धन के बंदरबांट की आशंका है। लिहाजा जांच के आदेश दिए गए हैं।
यूपी इलेक्शन कैम्पेन में चर्चा में आया था कब्रिस्तान
- इससे पहले यूपी इलेक्शन में पीएम मोदी ने फतेहपुर की रैली में श्मशान और कब्रिस्तान को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था- 'धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। गांव में कब्रिस्तान बनता है तो श्मशान भी बनना चाहिए। रमजान में बिजली आती है तो दिवाली में भी आनी चाहिए।'
- पीएम के इस बयान के बाद विपक्ष दलों ने मोदी पर पोलराइजेशन करने का आरोप लगाया था। वहीं इस बयान को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शि‍कायत भी की थी।

Share This News :