Homeराज्यो से ,खास खबरे,
पति ने पत्नी पर चाकू से किए 30 वार, मौके पर मौत, बेटा भी घायल

दिल्ली में एक शख्स ने अपनी पत्नी पर चाकू से 30 वार किए और उसे बेरहमी के साथ मौत के घाट उतार दिया. यही नहीं इस दौरान बीच बचाव करने आए अपने बेटे को भी आरोपी ने चाकू मारकर घायल कर दिया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. वारदात की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है.

हत्या की यह सनसनीखेज वारदात दिल्ली के दिलशाद गार्डन की है. जहां 43 वर्षीय विनोद अपनी 36 वर्षीय पत्नी रेखा और 15 वर्षीय बेटे के साथ रहता था. बुधवार को विनोद ने जनता फ्लैट्स के ब्लॉक 4 में मकान नंबर पी-13 में अपनी पत्नी रेखा को अपने भाई के कमरे में बंद कर लिया और उस चाकू से ताबड़तोड़ 30 बार वार किए.

विनोद के सिर पर हैवानियत इस कदर सवार थी कि उसने बीच-बचाव करने आए अपने बेटे को भी नहीं बख्शा. उस पर भी चाकू उसने चाकू से हमला कर दिया. रेखा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके हाथ में गहरे जख्म आए हैं. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस को घटना की सूचना सुबह के वक्त मिली. पुलिस ने बताया कि बेटे ने अपनी मां को बचाने की भरसक कोशिश की थी. लेकिन वह पिता के सामने टिक नहीं पाया. पुलिस के अनुसार, घायल किशोर की हालत अब खतरे से बाहर है. लेकिन अभी वह बयान देने की हालत नहीं है. उसके बयान से ही हत्या की वजह सामने आ सकती है.

 

शुरुआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच कलह रहती थी. पुलिस का कहना है कि चाकू के 30 वार से जाहिर हो रहा है कि पति काफी गुस्से और नफरत से भरा था. ऐसी वारदात आमतौर पर मामूली झगड़े के चलते नहीं होती. पुलिस ने आरोपी विनोद की धरपकड़ के लिए टीम गठित की है.

हत्यारोपी पति गिरफ्तार, ये थी कत्ल की वजह!
पुलिस ने बुधवार की देर शाम पत्नी की हत्या करने के आरोपी पति विनोद को गिरफ्तार कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी किसी गैर मर्द से फोन पर बात करती है. विनोद ने अपनी पत्नी को कई बार ऐसा करने से मना भी किया था लेकिन रेखा नहीं मान रही थी. रेखा ने अपना फोन नंबर भी बदल लिया था, बावजूद इसके वह उस अंजान शख्स से बातचीत करती थी. यही बात विनोद को नागवार गुजर रही थी और गुस्से में आकर उसने अपनी पत्नी का कत्ल कर दिया.

Share This News :