Homeदेश विदेश ,मनोरंजन ,प्रमुख खबरे,slider news,
नहीं रहे अभिनेता ओम पुरी, 66 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन

बॉलीवुड के गंभीर अभिनेताओं की श्रेणी में शुमार ओम पुरी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया है। उनका निधन हार्ट अटैक से हुआ। वह 66 साल के थे। ओमपुरी का जन्म 18 अक्टूबर 1950 को हुआ था। बताया जा रहा है कि वह बीते कई दिनों से बीमार से और इसके बावजूद वह अपनी आने वाली फिल्म ‘रामभजन जिंदाबाद’ के प्रमोशन में जुटे थे।
ओमपुरी ने कॉमिडी से लेकर गंभीर किरदारों को बखूबी निभाया। आक्रोश, आरोहन, अर्धसत्य, माचिस उनकी उन फिल्मों में है जिन्होंने हर शख्स के दिल को छुआ। उनका अभिनय काबिलेतारीफ रहा है। वह हिंदी के अलावा अंग्रेजी, कन्नड़ और पंजाबी भाषा की फिल्मों में भी काम कर चुके थे।
ओमपुरी आवाज के धनी थे। कई डॉक्युमेंट्री और फिल्मों में उनकी आवाज को शामिल किया गया और इसी के बूते उन्होंने उसे एक अलग मुकाम पर पहुंचाया। पीएमओ ने ओम पुरी के निधन पर दुख जताया है। वहीं, फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने ट्वीट किया, 'प्रतिभाशाली अभिनेता ओम पुरी हमारे बीच नहीं रहे। फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नुकसान।
खेल मंत्री विजय गोयल ने ट्विटर पर लिखा, 'भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित अभिनेता ओम पुरी जी के अचानक देहांत से बेहद दुखी हूं। मेरी प्रार्थना और संवेदना उनके परिवार के साथ हैं।' मधुर भंडारकर ने न्यूज 18 इंडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह बहुत ही अच्छे शख्स थे। हमेशा यात्राओं पर रहते थे। ऐसा कभी नहीं लगा कि वह बीमार थे। यह खबर हैरान कर देने वाली है।
अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट कर लिखा, 'मैं ओम पुरी को बीते 43 साल से जानता हूं। मेरे लिए वह हमेशा महान अभिनेता रहेंगे। वह उदार और दरियादिली से भरे थे। और इसीलिए दुनिया उन्हें याद रखेगी।' लेखक जावेद अख्तर ने कहा कि वह सीधे और साफ किस्म के आदमी थे। बहुत ही अच्छे अभिनेता थे।

Share This News :