Homeमनोरंजन ,slider news,
श्रीदेवी की अंतिम यात्रा बुधवार दोपहर 2 बजे से

 à¤®à¥à¤‚बई। à¤¦à¤¿à¤µà¤‚गत अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत के मामले को लेकर जारी सभी कयासों का अंत मंगलवार को हो गया। दुबई पुलिस और प्रशासन से क्लीन चिट मिलने के बाद श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रात में मुंबई पहुंच गया। भारत की पहली महिला सुपरस्टार 54 वर्षीय श्रीदेवी की मृत्यु शनिवार रात दुबई के एक होटल में हो गई थी। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार बुधवार को होगा।

मंगलवार को दुबई से लेकर मुंबई तक गतिविधियां तेज रहीं। दुबई पुलिस ने सोमवार शाम को यह पूरा मामला वहां के सरकारी वकील को सौंप दिया था। सरकारी वकील ने जांच-पड़ताल को मुकम्मल करते हुए मंगलवार को इस पूरे केस को ही बंद करने की घोषणा कर दी। इसके बाद श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई लाने का रास्ता साफ हो गया। दुबई पुलिस की ओर से फिर से स्पष्ट किया गया कि उनकी जांच में इस केस में अपराध का कोई मामला नहीं बना। जांच में एक बार फिर बताया गया कि बाथटब में डूबने से ही श्रीदेवी की मौत हुई। दोपहर बाद तक सभी औपचारिकताओं के बाद शाम पांच बजे वहां से पार्थिव शरीर विशेष विमान से रवाना हो सका।

दोपहर बाद होगा अंतिम संस्कार 

श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई पहुंचने के बाद सीधा अंधेरी स्थित लोखंडवाला इलाके में उनके निवास स्थान पर लाया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह 8.30 बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी और पहला पड़ाव उनके घर के करीब एक क्लब होगा। वहां सवेरे 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। दोपहर दो बजे क्लब से श्रीदेवी की अंतिम यात्रा विले पार्ले के श्मशान घाट पहुंचेगी। वहां पंजाबी रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। इसके लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद निगरानी रख रहे हैं। अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के अलावा केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी के शामिल होने की भी खबरें हैं। श्रीदेवी को पद्मश्री सम्मान मिल चुका था, इसलिए उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान से होगा और राष्ट्रपति की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।

पार्थिव शरीर लाने अर्जुन कपूर गए थे दुबई

श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लाने के लिए बोनी कपूर के बेटे अर्जुन कपूर भी दुबई पहुंच गए थे। वह पिता का हौसला बढ़ाने के लिए दुबई गए थे, क्योंकि वहां संकट की घड़ी में बोनी बहुत अकेलापन महसूस कर रहे थे। गौरतलब है कि अर्जुन बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना की संतान हैं। अर्जुन की एक बहन भी हैं।

मुंबई हवाई अड्डे पर विशेष सुरक्षा प्रबंध

श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लाने के लिए उद्योगपति अनिल अंबानी का विशेष विमान दो दिन पहले ही दुबई पहुंच चुका था। पार्थिव शरीर के साथ इस विमान को उतारने को लेकर हवाई अड्डे के प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस और हवाई अड्डे प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

सांत्वना देने आए सितारे

अनिल कपूर के जुहू स्थित आवास पर मंगलवार को दिनभर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने वाले सितारों का तांता लगा रहा। बोनी कपूर की दोनों बेटियां भी अनिल कपूर के घर आ चुकी थीं। मंगलवार को सांत्वना देने आए सितारों में सैफ अली खान, उनकी बेटी सारा अली खान, सुनील शेट्टी की बेटी आथिया शेट्टी, वहीदा रहमान (जिन्होंने फिल्म लम्हे में श्रीदेवी की मां का रोल किया था), निर्देशक फरहा खान, अभिनेत्री नीलिमा अजीम, संगीतकार बप्पी लहरी, रमेश सिप्पी, उनकी पत्नी किरण सिप्पी, अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना के नाम प्रमुख रहे।

परिवार की ओर से बयान

जैसे ही दुबई से पार्थिव शरीर को वापस लाने का रास्ता साफ हुआ, तो कपूर परिवार की ओर से मीडिया के नाम एक बयान जारी किया गया। इसमें फिल्म समुदाय से लेकर मीडिया, शुभचिंतकों और श्रीदेवी के प्रशंसकों द्वारा शोक संवेदनाओं के लिए आभार प्रकट किया गया।

Share This News :